सरंडा चौक में जेवरात चोरी की कोशिश नाकाम, 5 लाख के गहनों से भरा बैग छोड़ भागे अपराधी।
SHIKHAR DARPANSunday, June 07, 2026
0
बिरनी,शिखर दर्पण संवाददाता।
भरकट्टा ओपी क्षेत्र अंतर्गत सरंडा चौक में रविवार शाम लगभग 8,30 बजे को एक जेवर व्यवसायी के साथ चोरी की बड़ी घटना होने से बाल-बाल बच गई। अपराधियों ने व्यवसायी की बाइक की डिक्की से जेवरात से भरा बैग लेकर फरार होने का प्रयास किया, लेकिन व्यवसायी की सतर्कता से उनकी योजना विफल हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार भरकट्टा निवासी जेवर व्यवसायी चंदन सोनी अपनी दुकान बंद कर सरंडा स्थित एक होटल में कुछ सामान खरीद रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अपाचे बाइक सवार दो अपराधियों में से एक युवक उनकी खड़ी बाइक के पास पहुंचा और डिक्की खोलकर जेवरात से भरा बैग निकाल लिया।
बैग लेकर भागने के दौरान व्यवसायी चंदन सोनी की नजर उस युवक पर पड़ गई। उन्होंने तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया। खुद को घिरता देख अपराधी बैग वहीं फेंककर अपने साथी के साथ बाइक पर सवार होकर फरार हो गया।घटना की सूचना तत्काल भरकट्टा ओपी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।बताया जा रहा है कि बैग में लगभग 5 लाख रुपये मूल्य के जेवरात रखे हुए थे। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।