Type Here to Get Search Results !

सदर अस्पताल में मरीज की मौत के बाद हंगामा, इलाज में लापरवाही का आरोप।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

शहर के वार्ड संख्या 10 स्थित न्यू बरगंडा निवासी सुनील कुमार की सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो जाने के बाद शुक्रवार रात अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन एवं ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। परिजनों के अनुसार सुनील कुमार लंबे समय से किडनी की बीमारी से पीड़ित थे तथा प्रत्येक 15 दिन पर डायलिसिस के लिए सदर अस्पताल आते थे। शुक्रवार शाम उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतक के छोटे भाई पुनिल कुमार ने आरोप लगाया कि मरीज की हालत लगातार बिगड़ती रही, लेकिन समय पर आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई। परिजनों का कहना है कि सांस लेने में परेशानी होने के बावजूद मरीज को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं दी गई। उनका आरोप है कि आईसीयू में बेड खाली रहने के बावजूद सुनील को आईसीयू में शिफ्ट नहीं किया गया।

जब मरीज की स्थिति और गंभीर हुई तो ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक को बुलाया गया, लेकिन उन्होंने वार्ड में आने के बजाय मरीज को उनके पास लाने की बात कही। इसी दौरान सुनील की मौत हो गई। घटना की सूचना फैलते ही परिजन एवं स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन करने लगे। अस्पताल परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। परिजनों के रोने-बिलखने से माहौल गमगीन हो गया। नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और स्थिति को शांत कराया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है तथा सभी पहलुओं पर पड़ताल की जाएगी। इधर, सिविल सर्जन डॉ. बच्चा सिंह ने इलाज में लापरवाही के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि अस्पताल में ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी तथा यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित कर्मी या चिकित्सक के विरुद्ध निलंबन सहित आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.