भाटडीह चावल गोदाम से 800 बोरा चावल ले जाने का प्रयास विफल, जांच में जुटा प्रशासन।
SHIKHAR DARPANSaturday, June 06, 2026
0
जमुआ,शिखर दर्पण संवाददाता।
प्रखंड क्षेत्र के भाटडीह स्थित सरकारी चावल गोदाम से सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के लिए आवंटित लगभग 800 बोरा चावल को रात के समय बाहर ले जाने के कथित प्रयास का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की सतर्कता के कारण चावल से लदे दो वाहनों को बीच रास्ते में रोक लिया गया, जिसके बाद पूरे मामले की जानकारी प्रशासन को दी गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात ग्रामीणों ने चावल से लदे दो वाहनों को संदिग्ध परिस्थिति में जाते देखा। शक होने पर ग्रामीणों ने वाहनों को रोक लिया और इसकी सूचना स्थानीय जनप्रतिनिधियों को दी। सूचना मिलते ही प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि संजीत यादव समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी प्रशासन को दी। सूचना पर जमुआ थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची तथा चावल लदे वाहनों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस वाहन से संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है,
और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चावल का परिवहन नियमानुसार किया जा रहा था या नहीं। प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि संजीत यादव ने आशंका जताई कि इस मामले में कुछ प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता हो सकती है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच होने पर कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। वहीं ग्रामीण बैजू यादव ने आरोप लगाया कि गरीबों के लिए आवंटित अनाज की लगातार हेराफेरी की जा रही है और ग्रामीणों की सतर्कता से इस बार बड़ी मात्रा में चावल बाजार में जाने से बच गया। इस मामले में सीएमआर एजेंट मदन मोहन ने भी अपना पक्ष रखा है। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। प्रशासन ने दस्तावेजों के सत्यापन और मामले की विस्तृत जांच का आश्वासन दिया है। यदि जांच में अनियमितता की पुष्टि होती है तो यह गरीबों के लिए आवंटित राशन की कालाबाजारी से जुड़ा गंभीर मामला साबित हो सकता है।