दो कारों और बाइक की टक्कर में मासूम समेत दो की मौत, तीन घायल।
SHIKHAR DARPANSaturday, June 06, 2026
0
डुमरी,शिखर दर्पण संवाददाता।
थाना क्षेत्र के डुमरी-गिरिडीह मुख्य मार्ग स्थित पिपराडीह पुल के समीप शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक मासूम बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक किशोरी सहित तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा दो कारों और एक बाइक के बीच हुई टक्कर के कारण हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, वाहनों को जब्त कर थाना ले गई तथा मामले की जांच में जुट गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार खांकीकला निवासी अब्बू हयात अपनी पत्नी रुबेना खातुन, पुत्री अलीना परवीन एवं छह वर्षीय पुत्र अमीनुल के साथ बाइक से बेरगी में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान पिपराडीह पुल के पास एक कार ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े।
इसके बाद पीछे से आ रही दूसरी कार भी पहली कार से जा भिड़ी, जिससे दुर्घटना और भीषण हो गई। हादसे में बाइक सवार एक ही परिवार के सभी सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि छह वर्षीय अमीनुल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल डुमरी रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने अमीनुल को मृत घोषित कर दिया। वहीं अब्बू हयात और रुबेना खातुन की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया। हालांकि धनबाद ले जाने के दौरान रास्ते में ही अब्बू हयात की भी मौत हो गई। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त कारों और बाइक को जब्त कर लिया है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।