अवैध शराब बिक्री के खिलाफ महिलाओं का प्रदर्शन, पचंबा थाना का घेराव।
SHIKHAR DARPANTuesday, June 02, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
पचंबा थाना क्षेत्र के कल्याणडीह में अवैध महुआ शराब की बिक्री के विरोध में सोमवार शाम दर्जनों महिलाओं ने पचंबा थाना का घेराव कर प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। महिलाओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में खुलेआम महुआ शराब की बिक्री होने से सामाजिक माहौल खराब हो रहा है और आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा कि शराब कारोबारियों का विरोध करने पर उन्हें मारपीट और धमकी का सामना करना पड़ता है। उनका आरोप है कि शराब के नशे में धुत लोग क्षेत्र में महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़खानी जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं, जिससे परिवारों में भय का वातावरण बना हुआ है।
महिलाओं ने बताया कि मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गडरमा से कल्याणडीह में महुआ शराब की आपूर्ति की जाती है। उनका कहना है कि कई बार स्थानीय युवकों ने शराब ले जा रहे लोगों को पकड़ा भी, लेकिन कथित रूप से प्रभावशाली लोगों के संरक्षण के कारण आरोपी बच निकलते हैं और विरोध करने वालों को धमकाते हैं। महिलाओं ने पुलिस प्रशासन से कल्याणडीह क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने, शराब तस्करों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगी।