बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी।
SHIKHAR DARPANMonday, June 01, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ प्रखंड अंतर्गत मधुबन पंचायत के दलुआडीह समेत पारसनाथ तराई क्षेत्र के कई गांवों के ग्रामीणों ने सड़क,पुल-पुलिया, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी है। इस संबंध में ग्रामीणों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को आवेदन सौंपकर जल्द विकास कार्य शुरू कराने की मांग की है। ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन में दलुआडीह, कुर्वाटांड, जिरवा बेड़ा, सतकटिया, इटाबेड़ा, बरवाबेड़ा सहित अन्य गांवों के लोगों ने बताया कि आजादी के 75 वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद उनके क्षेत्र में सड़क, पुल-पुलिया और अन्य मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। इसके कारण ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और आवागमन जैसी आवश्यक जरूरतों के लिए भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि बुनियादी सुविधाओं की कमी का असर बच्चों की पढ़ाई, मरीजों के इलाज और ग्रामीणों के दैनिक जीवन पर पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए सड़क, पुल-पुलिया, पेयजल, स्वास्थ्य एवं शिक्षा से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि 5 जून तक उनकी मांगों पर कोई ठोस और सकारात्मक पहल नहीं की गई तो वे प्रखंड कार्यालय का घेराव कर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उल्लेखनीय है कि हाल ही में दलुआडीह गांव की सड़क समस्या को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने क्षेत्र का निरीक्षण भी किया था, जिसके बाद ग्रामीणों को शीघ्र समाधान की उम्मीद जगी थी।