गिरिडीह में पूर्व विधायक के आवास के समीप घर में चोरी, पांच लाख के जेवरात ले उड़े चोर।
SHIKHAR DARPANMonday, June 01, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
शहर में चोरों के बढ़ते हौसले का एक और मामला सामने आया है। रविवार देर रात पूर्व विधायक निर्भय शाहाबादी के आवास के समीप स्थित एक घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। चोर घर से करीब पांच लाख रुपये मूल्य के जेवरात और 20 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, गृहस्वामी गोलू अपने परिवार के साथ घर से बाहर गए हुए थे। देर रात जब वे परिवार सहित वापस लौटे तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। घर के विभिन्न कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली हुई थीं। जांच करने पर पता चला कि घर में चोरी हो चुकी है।
घटना की सूचना तत्काल नगर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। गृहस्वामी गोलू ने बताया कि उनकी शादी करीब छह माह पहले हुई थी और चोरी हुए अधिकांश जेवरात शादी के दौरान रिश्तेदारों से उपहार स्वरूप मिले थे। चोरों ने घर के एक-एक कमरे को खंगालते हुए अलमारियों में रखे जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। हालांकि चोर घर में किस रास्ते से दाखिल हुए, इसका स्पष्ट पता नहीं चल सका है। नगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।