गिरिडीह में मलेरिया रोधी माह का शुभारंभ, जागरूकता और रोकथाम पर दिया गया जोर।
SHIKHAR DARPANMonday, June 01, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
सदर अस्पताल सभागार में सोमवार को मलेरिया रोधी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. रेखा झा एवं जिला आरसीएच सह जिला वीबीडी पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर मलेरिया रोधी माह 2026 की थीम "मलेरिया को समाप्त करने के लिए प्रतिबंध हैं, अब हम कर सकते हैं, अब हमें करना ही होगा"पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यशाला में बताया गया कि प्रतिवर्ष जून माह को मलेरिया रोधी माह के रूप में मनाया जाता है। मलेरिया को अधिसूचित बीमारी घोषित किया गया है। यह रोग संक्रमित मादा ऐनोफिलीज मच्छर के काटने से फैलता है और इसके लिए अभी कोई प्रभावी टीका उपलब्ध नहीं है।
ऐसे में मलेरिया से बचाव के लिए जन-जागरूकता बढ़ाना, मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करना तथा स्वच्छता बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण उपाय हैं।अधिकारियों ने कहा कि जब तक आमजन मलेरिया से बचाव के प्रति सजग नहीं होंगे, तब तक इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण संभव नहीं है। इसलिए समुदाय की सक्रिय भागीदारी और जागरूकता अत्यंत आवश्यक है।कार्यशाला में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अनिता कुंज, अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. प्रदीप बैठा, नगर निगम प्रतिनिधि प्रशांत प्रभाकर, जेएसएलपीएस प्रतिनिधि सुमित शौरभ तिर्की, जिला कार्यक्रम प्रबंधक नीरज कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक इकाई समन्वयक इंद्रदेव कुमार वर्मा, पीरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधि सुनील साव, राघवेंद्र कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।