Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 9 हजार किलो जावा महुआ विनष्ट।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह अधीक्षक उत्पाद के निर्देश पर उत्पाद विभाग एवं मुफ्फसिल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को गडरमा एवं जोभी गांव में छापेमारी अभियान चलाकर अवैध महुआ शराब निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान कई अवैध शराब भट्टियों को ध्वस्त किया गया तथा भारी मात्रा में जावा महुआ और महुआ शराब बरामद की गई। छापेमारी के दौरान अवैध शराब कारोबारियों द्वारा अपने घरों में संग्रहित करीब 9,000 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया गया, जिसे मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया। इसके अलावा बिक्री एवं आपूर्ति के लिए तैयार करीब 400 लीटर महुआ शराब भी जब्त की गई। हालांकि छापेमारी दल को देखते ही शराब कारोबारी मौके से फरार हो गए।

उत्पाद विभाग ने बताया कि फरार आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व 18 जून को उत्पाद विभाग ने जमुआ थाना क्षेत्र के छकनाडीह, खरीडीह एवं खरगडीहा गांवों में भी अभियान चलाकर अवैध शराब भट्टियों को ध्वस्त किया था। उस कार्रवाई में 1,500 किलोग्राम जावा महुआ एवं 160 लीटर महुआ शराब बरामद की गई थी तथा संबंधित कारोबारियों के खिलाफ अभियोग दर्ज किया गया था। उत्पाद विभाग ने कहा है कि जिले में अवैध शराब निर्माण एवं कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.