Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह-मधुपुर रेल लाइन के ग्रहटांड रेलवे ट्रैक पर युवक की ट्रेन से कटकर मौत, चार माह पहले हुई थी शादी।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्रहटांड रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार को एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के शिवमुहल्ला निवासी राजेंद्र प्रसाद के 29 वर्षीय पुत्र देव आशीष कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, देव आशीष कुमार की शादी करीब चार माह पूर्व बेंगाबाद थाना क्षेत्र के चपुआडीह निवासी मनोज कुमार राम की पुत्री मोली कुमारी से हुई थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। साथ ही परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। मृतक की पत्नी मोली देवी ने बताया कि उनके पति शुक्रवार सुबह रोज की तरह बाइक से दुकान खोलने के लिए बक्सीडीह जाने की बात कहकर घर से निकले थे।

करीब दो घंटे बाद पुलिस का फोन आया और उन्हें सदर अस्पताल बुलाया गया। अस्पताल पहुंचने पर उन्हें पति की मौत की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि घटना कैसे हुई, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। वहीं मृतक के भाई विकास कुमार ने बताया कि देव आशीष की शादी चार माह पहले हुई थी। उन्होंने कहा कि पति-पत्नी के बीच कुछ बातों को लेकर विवाद होने की जानकारी उन्हें अन्य लोगों से मिली थी।हालांकि परिवार के सभी सदस्य अलग-अलग रहते हैं और उनका व्यवसाय भी अलग है। उन्होंने बताया कि देव आशीष दुकान के लिए निकले थे, लेकिन बाद में पुलिस से घटना की सूचना मिली। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद मृतक के परिवार और मोहल्ले में शोक का माहौल है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.