Type Here to Get Search Results !

रेलवे लाइन के नीचे पाइप बिछाने का कार्य पूरा, तीन गांवों में जल्द मिलेगी स्वच्छ पेयजल सुविधा।

डुमरी,शिखर दर्पण संवाददाता।

डुमरी प्रखंड के रांगामाटी, बरमसिया एवं डुगडुगिया गांव के ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। वर्षों से लंबित पेयजल आपूर्ति योजना के तहत रेलवे लाइन के नीचे पाइप पास कराने का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही इन गांवों में जल्द ही नियमित एवं स्वच्छ पेयजल आपूर्ति का मार्ग प्रशस्त हो गया है। यह जानकारी जिला परिषद सदस्या सुनीता कुमारी ने रविवार को प्रेस बयान जारी कर दी। उन्होंने कहा कि निरंतर संघर्ष और जनहित के प्रति समर्पित प्रयासों के परिणामस्वरूप यह कार्य संभव हो पाया है। योजना के पूर्ण होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या से राहत मिलेगी।

जिप सदस्या ने बताया कि उन्होंने इस समस्या को जिला परिषद की बैठक में प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद अगले ही दिन विभागीय कार्यपालक अभियंता द्वारा स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संवेदक को एक माह के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया था। उन्होंने बताया कि जामताड़ा-डुमरी क्षेत्र में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए डीपीआर तैयार करने तथा झरना क्षेत्र में पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए थे, जिस पर कार्य प्रारंभ हो चुका है। सुनीता कुमारी ने कहा कि क्षेत्र के विकास एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यों को गति देने के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.