प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र सेवा के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने की विशेष पूजा-अर्चना।
SHIKHAR DARPANWednesday, June 10, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र सेवा के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर गुरुवार को भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा बाबा दुःखहरण नाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं प्रार्थना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने देश की निरंतर प्रगति, समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना करते हुए प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सफल नेतृत्व के लिए भगवान बाबा दुःखहरण नाथ से प्रार्थना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा गिरिडीह महानगर जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति और वैश्विक स्तर पर देश की प्रतिष्ठा बढ़ाने के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि देश आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस अवसर पर उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकसित, आत्मनिर्भर एवं सशक्त भारत के निर्माण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में भाजपा गिरिडीह महानगर जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार राय, मंडल अध्यक्ष राजेश गुप्ता, गिरिडीह सदर प्रखंड उप प्रमुख कुमार सौरभ, किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष अनूप सिन्हा, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष दीपक पंडित, ओबीसी मोर्चा मंडल अध्यक्ष सीताराम पंडित, सुरेंद्र सिंह, पंचानंद वर्मा, राजीव रंजन त्रिवेदी, तरुण कुमार, प्रेम रंजन, सूरज दास, बास्की पांडेय, सूरज पांडेय, दिलीप मारिक सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।