उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार UIDAI द्वारा आधार सेवाओं का विस्तार।
SHIKHAR DARPANTuesday, May 19, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार आमजनों को आधार संबंधी सेवाएं सरल, सुलभ एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए गिरिडीह के पुराना पुल स्थित ग्रामीण बैंक के समीप नया UIDAI द्वारा आधुनिक आधार सेवा केंद्र की शुरुआत की गई है। इस केंद्र के प्रारंभ होने से अब जिले के लोगों को आधार कार्ड बनवाने, नाम सुधार, मोबाइल नंबर अपडेट, पता संशोधन सहित अन्य तकनीकी सेवाओं के लिए दूर-दराज के कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। नए आधार सेवा केंद्र में प्रतिदिन 200 से अधिक लोगों के आधार कार्ड बनाने एवं नाम परिवर्तन करने की क्षमता विकसित की गई है। इसके साथ ही केंद्र में प्रशिक्षित तकनीकी कर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि आम नागरिकों को त्वरित एवं पारदर्शी सेवा उपलब्ध कराई जा सके। यहां आधार कार्ड से संबंधित विभिन्न तकनीकी समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों, वृद्धजनों, महिलाओं एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को विशेष सुविधा मिलेगी।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि डिजिटल सेवाओं को जनसामान्य तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। आधार आज हर सरकारी योजना, बैंकिंग सेवा, छात्रवृत्ति, पेंशन एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए एक महत्वपूर्ण दस्तावेज बन चुका है। ऐसे में जिले में आधुनिक एवं व्यवस्थित आधार सेवा केंद्र की शुरुआत लोगों के लिए काफी लाभकारी सिद्ध होगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि केंद्र में आने वाले सभी नागरिकों को सुगम वातावरण एवं त्वरित सेवा सुनिश्चित कराई जाए। केंद्र में आधार से संबंधित बायोमेट्रिक अपडेट, मोबाइल नंबर लिंक, जन्मतिथि सुधार, पता संशोधन, ई-आधार डाउनलोड, फोटो अपडेट सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। विशेष रूप से उन लोगों को राहत मिलेगी जिनका आधार अपडेट नहीं होने के कारण विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी हो रही थी। इस नई पहल से गिरिडीह जिले में डिजिटल सेवाओं की पहुंच और अधिक मजबूत होगी तथा आम नागरिकों को सरकारी सेवाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलेगी।