पीरटांड के करंदो नदी में अवैध बालू लदा ट्रैक्टर हादसे का शिकार, चालक की मौत।
SHIKHAR DARPANFriday, May 08, 2026
0
पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। चिलगा पंचायत स्थित करंदो नदी के समीप अवैध बालू लदा ट्रैक्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान खुखरा थाना क्षेत्र के चथरूडीह निवासी 30 वर्षीय जीतन कोल्ह के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार जीतन कोल देर रात बराकर क्षेत्र से अवैध बालू लेकर ट्रैक्टर से लौट रहा था। इसी दौरान करंदो नदी के पास ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया। संतुलन बिगड़ने से चालक ट्रैक्टर से नीचे गिर पड़ा, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बताया गया कि देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसके मोबाइल पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। बाद में एक ग्रामीण ने फोन उठाकर दुर्घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने के बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना पीरटांड़ थाना पुलिस को भी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर थाना लाई। शनिवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया गया। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गौरतलब है कि महज एक माह पूर्व कुम्हरलालो पंचायत के दुधनिया और हरलाडीह ओपी क्षेत्र में भी अवैध बालू ले जा रहा ट्रैक्टर हादसे का शिकार हुआ था, जिसमें चालक की मौत हो गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बाद अवैध बालू उठाव और ढुलाई पर सवाल खड़े होने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग, नाबालिग चालकों द्वारा वाहन चलाना और कई मामलों में शराब के नशे में ड्राइविंग जैसी वजहों से आए दिन हादसे हो रहे हैं। प्रशासन की छापेमारी के बावजूद अवैध बालू ढुलाई धड़ल्ले से जारी है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।