वैकल्पिक जगह पर बने स्टेडियम, बहुफसली खेती की जमीन पर नहीं, अन्यथा पीड़ितों मिले मुआवजा- राजेश यादव।
SHIKHAR DARPANTuesday, May 26, 2026
0
बेंगाबाद,शिखर दर्पण संवाददाता।
स्टेडियम वैकल्पिक जगह पर बनाया जाए, न किसानों की 100 बरस से भी अधिक समय से की जा रही बहुफसली खेती की जमीन पर। फिर भी अगर बाध्यता हो, तो किसानों तथा भू-स्वामियों को इसके बदले पर्याप्त मुआवजा देकर ही निर्माण किया जाए। उपरोक्त बातें बेंगाबाद के पूर्व जिप सदस्य एवं फारवर्ड ब्लाक के जिला संयोजक राजेश यादव ने आज करणपुरा के पास निर्माणाधीन स्टेडियम में अपनी जमीन गंवा रहे किसानों और अन्य भूस्वामियों के साथ एक मुलाकात के दौरान कही। इस दौरान राजेश यादव ने पीड़ितों सहित स्थानीय लोगों के साथ निर्माण स्थल का जायजा लिया और उन पुराने खेतों को भी देखा, जिसमें लगातार खेती होते आ रही है। मालूम हो कि, उक्त खेती एक जिंदा नाला के किनारे होने के कारण काफी उपयोगी रही है। मौके पर पीड़ित किसानों और भू-स्वामियों ने राजेश यादव को बताया कि, उन्होंने उनकी जमीन छीने जाने के खिलाफ कई जगह आवेदन भी दिए, लेकिन जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो कोर्ट की शरण में गए।
कोर्ट से उन्हें राहत मिली और फिलहाल कार्य नहीं करने को कहा गया है। फिर भी जबरन काम किया जा रहा है। अब अगर वे निर्माण स्थल पर किसी तरह विरोध करते हैं, तो उन्हें झूठे केस मुकदमों में फंसा दिए जाने की आशंका है। इसलिए वे लाचार और बेबस हालत में अपने खेत और जमीन को छिनते देख रहे हैं। वहीं, पीड़ितों की बात सुनकर राजेश यादव ने जिला प्रशासन सहित स्थानीय विधायक, सांसद एवं सरकार से भी इस बाबत न्याय की मांग की है। उन्होंने कहा कि, सरकार की विकास की यह नीति बिल्कुल गलत है, जिसके लिए किसानों के खेतों को निशाना बनाया जा रहा है। वह भी तब, जबकि झारखंड में दूसरे राज्यों की तुलना में खेती की जमीन पहले से ही कम है। उन्होंने कहा कि, यदि पीड़ित किसानों को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन किया जाएगा। मौके पर पार्टी के प्रखंड उपाध्यक्ष रामलाल मंडल प्रखंड महासचिव शंभू ठाकुर सहित स्थानीय बाबूलाल चौधरी, मो0 गुलाब अंसारी, इंद्रजीत यादव, नीरज कुमार, फरीद अंसारी, प्रकाश यादव, सद्दाम अंसारी, राजेश यादव, सोनिया देवी, उर्मिला देवी व अन्य मौजूद थे।