Type Here to Get Search Results !

बालमुकुंद फैक्ट्री के खिलाफ मजदूरों का आंदोलन तेज, 14वें दिन भी धरना जारी।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

बालमुकुंद फैक्ट्री के खिलाफ असंगठित मजदूर मोर्चा और भाकपा माले के बैनर तले चल रहा अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को 14वें दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारी मजदूरों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर शोषण, स्थानीय मजदूरों की अनदेखी और श्रम कानूनों के उल्लंघन का आरोप लगाया। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और उग्र करते हुए चक्का जाम किया जाएगा। धरना स्थल पर पहुंचे पूर्व विधायक राजकुमार यादव और विनोद सिंह ने मजदूरों का हौसला बढ़ाया। पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने कहा कि माले और असंगठित मजदूर मोर्चा मजदूरों के हक और अधिकार की लड़ाई लगातार लड़ता रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि फैक्ट्री से प्रदूषण बढ़ रहा है, खेती बर्बाद हो रही है और स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन और फैक्ट्री प्रबंधन ने मजदूरों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो पूरा गिरिडीह बंद और चक्का जाम किया जाएगा।

वहीं पूर्व विधायक विनोद सिंह ने कहा कि गिरिडीह की पहचान प्राकृतिक संसाधनों, हरियाली और पर्यटन स्थलों से रही है, लेकिन फैक्ट्रियों के कारण कृषि भूमि बंजर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि कारखाने में 70 से 75 प्रतिशत स्थानीय मजदूर रखने का नियम लागू होना चाहिए। फैक्ट्री प्रबंधन अगर आंदोलन को कमजोर समझ रहा है तो यह उसकी भूल है। मजदूरों की लड़ाई लंबे समय तक जारी रहेगी। धरना में शामिल मजदूरों ने आरोप लगाया कि फैक्ट्री में 8 घंटे के बजाय 12 घंटे काम कराया जाता है और बिना नियम के मजदूरों को निकाल दिया जाता है। आंदोलनकारियों का कहना है कि फैक्ट्री प्रबंधन स्थानीय मजदूरों की अनदेखी कर बाहरी लोगों को रोजगार दे रहा है।

इधर प्रशासन की ओर से अनुमंडल अधिकारी धीरेन्द्र कुमार, अंचल अधिकारी जितेंद्र प्रसाद, एसडीपीओ जितवाहन उरांव, मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो तथा श्रम विभाग के अधिकारियों ने धरना स्थल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने फैक्ट्री प्रबंधन और आंदोलनकारियों के बीच वार्ता कराने का प्रयास किया, लेकिन बातचीत बेनतीजा रही। आंदोलनकारियों का आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन के प्रतिनिधि वार्ता बीच में छोड़कर चले गए। धरना स्थल पर अशोक पासवान, पूरन महतो, कन्हाई पांडेय, राजेश सिन्हा, रामू बैठा, उस्मान अंसारी, शेखर सुमन, मनुवर हसन बंटी समेत बड़ी संख्या में महिला और पुरुष मजदूर मौजूद रहे। आंदोलनकारियों ने कहा कि मजदूरों की मांगें पूरी होने तक धरना जारी रहेगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.