पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में मंगलवार को कृषि विभाग की ओर से किसानों के लिए एक कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में प्रखंड बीटीएम अमित कुमार एवं प्रभारी कृषि पदाधिकारी छोटन कुमार मुर्मु मुख्य रूप से उपस्थित थे । कार्यशाला में इस वर्ष कमजोर मॉनसून और कम बारिश की संभावना को देखते हुए किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने कहा कि कम वर्षा की स्थिति में किसान वैकल्पिक फसलों की खेती अपनाएं। किसानों को मडुआ, अरहर, मक्का और बाजरा जैसी कम पानी में होने वाली फसलों की खेती पर विशेष जोर देने की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने किसानों को कम पानी वाले बीजों का चयन करने तथा मोटे अनाज की खेती को बढ़ावा देने की सलाह दी। साथ ही खेतों में संतुलित मात्रा में खाद के प्रयोग की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि वैज्ञानिकों ने इस वर्ष सामान्य से कम बारिश होने की संभावना जताई है, जिससे धान की खेती प्रभावित हो सकती है।कृषि विभाग द्वारा किसानों को लगातार जागरूक किया जा रहा है ताकि मौसम की चुनौती के बीच भी बेहतर उत्पादन सुनिश्चित किया जा सके। कार्यशाला में खेती से जुड़े कई अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में पंचम सिंह, मुनी रजक, रफिजुद्दीन अंसारी, भगिया देवी, रविलाल मुर्मु, दुलारचंद महतो, मो. मुख्तार, एतवारी मरांडी, देगलाल महतो, शिवलाल महतो, दशरथ महतो, रीतलाल साव सहित कई किसान मौजूद थे।