Type Here to Get Search Results !

पांडेयडीह में शॉर्ट सर्किट से निधि जनरल स्टोर में लगी भीषण आग, लाखों की संपत्ति राख।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पांडेयडीह स्थित निधि जनरल स्टोर में सोमवार देर रात शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दुकान में रखा सामान जलकर राख हो गया। हादसे में दुकानदार मनोहर कुमार मरीक और उनके पुत्र विक्रम कुमार मरीक आग बुझाने के दौरान गंभीर रूप से झुलस गए। बताया गया कि घटना के समय परिवार दुकान के पीछे बने मकान में मौजूद था। अचानक आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

आग लगने से दुकान में रखा 4 फ्रिज, 55 इंच टीवी, मोबाइल फोन, दो फोटोकॉपी मशीन, राशन का सामान और काउंटर में रखा नगद पूरी तरह जल गया। घायलों को तत्काल एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। दुकानदार मनोहर मरीक ने बताया कि आगजनी की इस घटना में करीब 5 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि दमकल की टीम समय पर नहीं पहुंचती तो आग आसपास की दुकानों तक फैल सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल मुफस्सिल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.