कोयवा टांड़ में सड़क निर्माण को लेकर बढ़ा विवाद, दो पक्ष आमने-सामने।
SHIKHAR DARPANWednesday, May 27, 2026
0
पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ प्रखंड के पालगंज पंचायत अंतर्गत कोयवा टांड़ में निर्माणाधीन सड़क को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। बस्ती के अंदर बनने वाली सड़क को लेकर दो टोला के ग्रामीण आमने-सामने हो गए हैं, जिससे सड़क निर्माण कार्य प्रभावित होने लगा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज मरांडी, थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार बिष्ट, मुखिया प्रतिनिधि बिरजू साहू, पंचायत समिति सदस्य योगेंद्र तिवारी, राजस्व कर्मी अमर किशोर सिन्हा, वनकर्मी रोहित कुमार एवं संतोष दास सहित कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों के लोगों को समझाकर आपसी सहमति से विवाद सुलझाने का प्रयास किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और विकास कार्य में बाधा नहीं डालने की अपील की।
काफी देर तक चली बातचीत के बावजूद किसी ठोस निष्कर्ष पर सहमति नहीं बन सकी। दोनों पक्ष अपने-अपने पक्ष पर अड़े रहे, जिसके कारण मौके पर समाधान नहीं निकल पाया। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि सड़क निर्माण जनहित से जुड़ा कार्य है और इसे आपसी विवाद का कारण नहीं बनने देना चाहिए। प्रशासन की ओर से दोनों पक्षों को बैठकर बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने की सलाह दी गई है। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि आपसी सहमति नहीं बनी और विकास कार्य में बाधा उत्पन्न हुई तो प्रशासन को कड़ा रुख अपनाना पड़ेगा। ग्रामीणों के बीच जारी विवाद के कारण सड़क निर्माण कार्य फिलहाल प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन अब दोनों पक्षों के बीच समन्वय स्थापित कर जल्द समाधान निकालने की कोशिश में जुटा है।