Type Here to Get Search Results !

जनगणना कार्य को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक, सभी पदाधिकारियों को समयबद्ध एवं त्रुटिरहित कार्य करने का निर्देश।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

जिले में आगामी जनगणना कार्य को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने को लेकर उपायुक्त रामनिवास यादव ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी चार्ज पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, बड़की सरैया नगर पंचायत एवं धनवार नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जनगणना से जुड़ी प्रत्येक गतिविधि को गंभीरता, पारदर्शिता एवं पूर्ण जिम्मेदारी के साथ संपादित किया जाए ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे। उपायुक्त ने कहा कि जनगणना के आंकड़े भविष्य की योजनाओं, संसाधनों के वितरण, आधारभूत संरचना के विकास एवं विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

ऐसे में सभी क्षेत्रीय पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करें। बैठक में चार्ज क्षेत्रवार प्रगति, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, प्रशिक्षण, डाटा संकलन की प्रक्रिया एवं क्षेत्रीय स्तर पर आने वाली समस्याओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनगणना कार्य के दौरान आम नागरिकों को भी जागरूक किया जाए ताकि लोग सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने में सहयोग करें। उन्होंने यह भी कहा कि सभी पदाधिकारी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें तथा किसी भी समस्या या तकनीकी बाधा की जानकारी तत्काल जिला स्तर पर उपलब्ध कराएं, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके। बैठक में जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं सक्रियता के साथ कार्य करने को कहा गया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.