महिला सुरक्षा को लेकर गिरिडीह पुलिस एक्शन मोड में, महिला शक्ति पेट्रोलिंग दल रवाना।
SHIKHAR DARPANTuesday, May 12, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गिरिडीह पुलिस ने बड़ी पहल शुरू की है। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने महिला थाना परिसर से महिला शक्ति पेट्रोलिंग दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान छह दोपहिया वाहनों पर 12 महिला पुलिसकर्मियों की टीम को तैनात किया गया, जो शहर के स्कूल, कॉलेज, बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार गश्त करेगी। एसपी ने बताया कि महिला शक्ति पेट्रोलिंग का उद्देश्य महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। यह टीम प्रतिदिन शिक्षण संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों के आसपास निगरानी रखेगी और छेड़छाड़ या असामाजिक गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई करेगी। पेट्रोलिंग दल को रवाना करने के बाद एसपी डॉ. विमल कुमार झंडा मैदान के पास स्थित दो वर्षों से बंद पड़े पुलिस सहायता केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को सहायता केंद्र को तत्काल चालू करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस केंद्र के शुरू होने से महिलाओं और छात्राओं को तुरंत सुरक्षा सहायता उपलब्ध हो सकेगी। इसके बाद एसपी ने जमीनी स्थिति का जायजा लेने के लिए पैदल गश्त भी की। वे सर जेसी बोस बालिका उच्च विद्यालय से आरके महिला महाविद्यालय तक पैदल पहुंचे और रास्ते में छात्राओं, अभिभावकों तथा स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी लिए। आरके महिला महाविद्यालय में प्राचार्य के साथ बैठक कर एसपी ने महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा गिरिडीह पुलिस की प्राथमिकता है और इसके लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जाते रहेंगे।