Type Here to Get Search Results !

बिरनी: सूरत में मजदूर की संदिग्ध मौत के बाद गुरहा गावँ में हंगामा।पत्नी से पूछ ताछ जारी।

बिरनी,शिखर दर्पण संवाददाता।

बिरनी प्रखंड के गुरहा गांव निवासी प्रवासी मजदूर सचिन प्रसाद वर्मा की सूरत में संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल उत्पन्न हो गया। मृतक का शव मंगलवार को गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं बड़ी संख्या में ग्रामीण शव देखने के लिए जुट गए। मृतक की बूढ़ी मां बेटे के शव को देखकर दहाड़ मारकर रोने लगी।मृतक सचिन प्रसाद वर्मा, स्वर्गीय राजू महतो का पुत्र था और गुजरात के सूरत शहर में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों ने आरोप लगाया है कि सचिन की हत्या कर शव को फांसी के फंदे से लटका दिया गया।मृतक की बहन बबीता देवी ने घटना को लेकर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि उसके भाई की मौत के पीछे उसकी पत्नी का हाथ है। उन्होंने बताया कि मृतक की पत्नी का गांव के दो युवकों के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। बहन का आरोप है कि इन्हीं लोगों ने मिलकर सचिन की हत्या की साजिश रची।परिजनों के अनुसार, सूरत में पहले सचिन की हत्या की गई और बाद में शव को फंदे से लटका दिया गया।

घटना की सूचना सबसे पहले मृतक के जीजा ने गांव में दी थी।इधर शव गांव पहुंचने के बाद माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। मृतक की पत्नी के गांव पहुंचते ही ग्रामीणों ने उसे घेर लिया और मारपीट भी की। सूचना मिलते ही भरकट्टा ओपी प्रभारी ओमप्रकाश पांडेय, एसआई भक्तलाल मंडल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने किसी तरह महिला को ग्रामीणों से बचाकर महिला जवानों की निगरानी में एक कमरे में सुरक्षित रखा।हालांकि इसके बाद भी ग्रामीण लगातार महिला को बाहर लाकर सार्वजनिक रूप से बयान दिलाने की मांग पर अड़े रहे। ग्रामीणों का आरोप था कि मृतक की पत्नी जमीन से जुड़े कागजात लेकर भागने की कोशिश कर रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ धनंजय राम भी गांव पहुंचे। करीब चार घंटे तक ग्रामीणों को समझाने का प्रयास चलता रहा। ग्रामीणों के नहीं मानने पर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए महिला को महिला पुलिसकर्मियों की निगरानी में वाहन से भरकट्टा ओपी ले गई। इसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी।

*क्या बोले एसडीपीओ धनंजय राम*
एसडीपीओ धनंजय राम ने बताया कि सचिन प्रसाद वर्मा की हत्या सूरत शहर में हुई है। शव का अंतिम संस्कार गांव में कर दिया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सूरत पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। उन्होंने कहा कि मृतक की पत्नी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। परिजनों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है, जिसके आधार पर जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


*जनप्रतिनिधि और नेता शामिल हुए*
 सांसद प्रतिनिधि देवनाथ राणा,भरकट्टा भजपा मण्डल अध्य्क्ष प्रवीण प्रभाकर,जीप सदस्य सूरज सुमन,भाजपा नेता नारायण पांडेय,रामाशीष राय, स्थानीय पंचयात समिति सदस्य रामप्रसाद वर्मा, प्रमुख रामू बैठा,उप प्रमुख शेखर सुमन, मुस्तकीम अंसारी, आश्रेष तुरी ,मुस्तफा अंसारी अन्य शामिल हुए।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.