Type Here to Get Search Results !

बालमुकुंद फैक्ट्री के खिलाफ पांचवें दिन भी धरना जारी, आंदोलन तेज करने की चेतावनी।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह के टुंडी रोड स्थित बालमुकुंद फैक्ट्री के सामने मजदूरों का अनिश्चितकालीन धरना पांचवें दिन भी जारी रहा। फैक्ट्री द्वारा कथित अवैध छंटनी और मजदूरों के उत्पीड़न के विरोध में आयोजित धरने में सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए। आंदोलन का नेतृत्व असंगठित मजदूर मोर्चा और माले संगठन के नेता कर रहे हैं।धरना स्थल पर पहुंचे सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो ने फैक्ट्री प्रबंधन पर मजदूरों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि “खट कमाव मजदूरों को तंग करना बंद करें। विधानसभा में भी बालमुकुंद फैक्ट्री के रवैये का मामला उठ चुका है। हटाए गए मजदूरों को बिना नियम-कानून के बाहर करना घोर अन्याय है। मजदूर डरें नहीं, हम उनके साथ खड़े हैं।”असंगठित मजदूर मोर्चा के महासचिव निताय महतो ने प्रशासन से जल्द जांच कर मजदूरों को काम पर वापस रखने की मांग की। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो लोकतांत्रिक आंदोलन के तहत फैक्ट्री गेट जाम किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी फैक्ट्री प्रबंधन की होगी।

माले जिला सचिव अशोक पासवान ने कहा कि मजदूरों की एकता से फैक्ट्री प्रबंधन को जवाब दिया जाएगा। वहीं किसान महासभा के नेता पूरन महतो ने कहा कि फैक्ट्री ने आसपास के इलाके को नुकसान पहुंचाया है, जिसका मुआवजा भी देना होगा। धरने को संबोधित करते हुए माले नेता राजेश सिन्हा ने कहा कि मजदूरों को डराने के लिए फर्जी मुकदमे किए जा रहे हैं, लेकिन मजदूर-किसान एकजुट होकर इसका जवाब देंगे। वहीं असंगठित मजदूर मोर्चा के केंद्रीय सचिव कन्हाई पांडेय ने फैक्ट्री प्रबंधन पर मजदूरों के साथ लगातार धोखा करने का आरोप लगाया। धरनास्थल पर मौजूद मजदूरों ने आरोप लगाया कि फैक्ट्री प्रबंधन स्थानीय मजदूरों को कम मजदूरी देता है, ठेकेदारी में कमीशनखोरी करता है तथा मजदूरों के साथ दुर्व्यवहार किया जाता है। कार्यक्रम में किशोर राय, दीपक गोस्वामी, हुबलाल राय, पवन यादव, नवीन पांडेय, सूदन कोल, तुलसी तुरी, लखन कोल, भीम कोल, अरबिंद टुडू, राजन तुरी, प्रशादी राय, भिखारी राय, सनातन साहू, सुनील ठाकुर, इम्तियाज अंसारी, गुलाब कोल, निमिया देवी, ललिता देवी, करमी देवी और सुनीत देवी समेत सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.