गिरिडीह पुलिस को मिली बड़ी सफलता,गांडेय से दो साइबर अपराधी गिरफ्तार।
SHIKHAR DARPANSaturday, May 23, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय गिरिडीह द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 23 मई को गुप्त सूचना मिली थी कि गांडेय थाना क्षेत्र के ग्राम कछवेल के समीप तेलखरी जंगल में कुछ साइबर अपराधी बैठकर मोबाइल फोन के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। सूचना मिलते ही साइबर थाना गिरिडीह के थाना प्रभारी रामेश्वर भगत के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की, जहां से दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के रसंजोरी निवासी 23 वर्षीय धनराज मंडल एवं सरिया थाना क्षेत्र के छोटकी सरिया निवासी 24 वर्षीय राहुल कुमार मंडल के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने पुलिस के समक्ष स्वीकार किया कि वे फर्जी एपीके फाइल और लिंक भेजकर भोले-भाले लोगों को अपने झांसे में लेते थे और फिर साइबर ठगी की घटना को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 6 मोबाइल फोन, 4 सिम कार्ड, 2 एटीएम कार्ड तथा 3 चेक बुक बरामद किए हैं। इस संबंध में साइबर थाना गिरिडीह में कांड संख्या 16/2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी धनराज मंडल पहले भी गिरिडीह साइबर थाना कांड संख्या 36/2019 में जेल जा चुका है। छापेमारी दल में साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत, पुअनि पुनीत कुमार गौतम, पुअनि दिनेश कुमार, पुअनि विजय कुमार, सअनि संजय मुखियार, आरक्षी 140 भूपाल मंडल एवं आरक्षी 284 संदीप कुमार वर्मा शामिल थे। गिरिडीह पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, APK फाइल या संदिग्ध मैसेज पर क्लिक न करें और साइबर ठगी से सतर्क रहें।