Type Here to Get Search Results !

प्रदूषण, पानी और बालू चोरी के खिलाफ माले-मजदूर मोर्चा का आंदोलन तेज, 26 मई से फैक्ट्री गेट जाम की चेतावनी।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

प्रदूषण, उसरी नदी का पानी चोरी और दिन-रात हो रही बालू चोरी के खिलाफ माले एवं असंगठित मजदूर मोर्चा ने बालमुकुंद स्पोंज एंड आयरन प्राइवेट लिमिटेड के सामने अपना आंदोलन तेज कर दिया है। धरना के 10वें दिन मजदूर नेताओं ने फैक्ट्री प्रबंधन और जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है।मजदूर नेता राजेश सिन्हा ने कहा कि क्षेत्र में प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है, उसरी नदी का पानी चोरी किया जा रहा है और अवैध बालू उठाव खुलेआम जारी है। इन मुद्दों को लेकर आंदोलन किया जा रहा है, लेकिन प्रशासन और फैक्ट्री प्रबंधन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं। माले नेता कन्हाई पांडेय ने कहा कि बालमुकुंद फैक्ट्री के सामने अनिश्चितकालीन धरना जारी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 25 मई तक वार्ता नहीं हुई तो 26 मई की सुबह 5 बजे से फैक्ट्री गेट के सामने अनिश्चितकालीन जाम और धरना शुरू कर दिया जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि फैक्ट्री प्रबंधन ने पांच मजदूरों को बिना नोटिस के काम से हटा दिया, जिससे उनके परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। कन्हाई पांडेय ने कहा कि फैक्ट्री प्रबंधन और जिला प्रशासन लगातार झूठ बोल रहे हैं। प्रबंधन यह दावा कर रहा है कि जिन मजदूरों के समर्थन में आंदोलन हो रहा है, वे फैक्ट्री के कर्मचारी नहीं हैं, जबकि मजदूर मोर्चा के पास संबंधित दस्तावेज मौजूद हैं।धरना स्थल पर थाना प्रभारी, अंचल अधिकारी और श्रम विभाग की टीम भी पहुंची थी, जहां आंदोलनकारियों ने अपनी बात रखी। मजदूर नेताओं ने आम जनता से 26 मई के आंदोलन को सफल बनाने की अपील की।धरना कार्यक्रम में कन्हैया पाण्डेय, किशोर राय, हुबलाल राय, दीपक गोस्वामी, सुनील ठाकुर, मधुसूदन कोल, तुलसी तुरी, नबीन पाण्डेय, पवन यादव, भिखारी राय, दिलचंद कोल, अरबिंद टुडू, भीम कोल, मोहन कोल, बाबूलाल बास्की, निमिया देवी, पार्वती देवी, सरिता देवी, ललिता देवी, जसमी देवी, सोनी देवी, करनी देवी सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष मौजूद थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.