Type Here to Get Search Results !

पीरटांड़ में पंचायत समिति की मासिक बैठक संपन्न । मुद्दों की लगी झड़ी ।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

पीरटांड़ प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में मंगलवार को प्रमुख सविता टुडू की अध्यक्षता में पंचायत समिति सदस्यों की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप प्रमुख महेंद्र महतो, बीडीओ मनोज कुमार मरांडी एवं सीओ ऋषिकेश मरांडी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान प्रखंड क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की गई तथा जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में विशेष रूप से मनरेगा, अबुआ आवास योजना एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) से संबंधित मामलों को लेकर पंचायत समिति सदस्यों ने अपनी बातें रखीं। उप प्रमुख महेंद्र महतो ने कुडको पंचायत के अम्बाटांड़ गांव में पीडीएस डीलर बद्री नारायण महतो का मामला सदन में उठाते हुए आरोप लगाया कि लाइसेंस रहने के बावजूद उन्हें अनाज का आवंटन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान करने की मांग की।

वहीं पालगंज पंचायत समिति सदस्य जोगेंद्र तिवारी एवं भवानी देवी ने बालू एवं ट्रैक्टर पकड़ने से जुड़े मामलों को जोरदार तरीके से सदन में उठाया। उन्होंने कहा कि प्रशासन को आम लोगों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही भूमि विवाद से जुड़े मामलों का हर हाल में शीघ्र निपटारा करने की मांग की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने तथा लाभुकों तक समय पर योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। गैस सिलेंडर वितरण में हो रही समस्याओं को लेकर भी सदन में चर्चा हुई। इसके अलावा भूमि विवाद से जुड़े मामलों को थाना दिवस के माध्यम से जल्द निष्पादित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया। बैठक में शिक्षा विभाग, आपूर्ति विभाग, पुलिस प्रशासन एवं अन्य विभागों के अधिकारियों ने भी भाग लिया और अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।

अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की वर्तमान स्थिति और आगे की कार्ययोजना की जानकारी दी। बैठक के अंत में प्रमुख सविता टुडू ने सभी विभागीय अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में गंभीरता बरतने और समयबद्ध तरीके से कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य केशव पाठक, नवीन सिंह, रिंकी देवी, भवानी सिंह, रीता पांडे, लइका तुरी, पीरटांड़ प्रभारी थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार, मधुबन थाना प्रभारी दिपेश कुमार, हरलाडीह ओपी प्रभारी निराज कुमार, कर्मचारी आलोक कुमार, एमओ परितोष कुमार, जेई अमित कुमार, कुमार रजक सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे ।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.