पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीणों ने बीडीओ से लगाई गुहार।
SHIKHAR DARPANTuesday, May 19, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ प्रखंड क्षेत्र में लगातार गहराते पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों की परेशानी बढ़ती जा रही है। मंगलवार को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के प्रखंड अध्यक्ष गाजो महतो ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को आवेदन सौंपकर बराकर पानी सप्लाई योजना को अविलंब चालू कराने की मांग की। सौंपे गए आवेदन में बताया गया कि पिछले दो महीनों से जलापूर्ति बंद रहने के कारण क्षेत्र के लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
भीषण गर्मी के बीच ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए दूर-दूर तक भटकना पड़ रहा है। कई गांवों में स्थिति गंभीर बनी हुई है।गाजो महतो ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि जब तक बराकर जलापूर्ति योजना शुरू नहीं होती, तब तक वैकल्पिक व्यवस्था कर ग्रामीणों को राहत पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि लोगों की मूलभूत जरूरत पानी है, लेकिन विभाग की लापरवाही के कारण आम जनता परेशान हो रही है।उन्होंने प्रशासन से शीघ्र ठोस पहल करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीणों के साथ आंदोलन करने को बाध्य होंगे।