Type Here to Get Search Results !

पायल कुमारी की संदिग्ध मौत पर फूटा जनाक्रोश, न्याय की मांग को लेकर निकला विशाल कैंडल मार्च।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

16 वर्षीय छात्रा पायल कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर शनिवार को शहर में जनाक्रोश देखने को मिला। परिजनों, ग्रामीणों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने न्याय की मांग को लेकर झंडा मैदान से टावर चौक तक विशाल कैंडल मार्च निकाला। मार्च में शामिल लोगों ने हाथों में मोमबत्तियां और न्याय संबंधी पोस्टर लेकर पायल को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की। टावर चौक पहुंचकर लोगों ने पायल की तस्वीर के समक्ष मोमबत्तियां जलाकर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कैंडल मार्च का नेतृत्व कर रहे मृतका के पिता जागेश्वर दास ने कहा कि उनकी बेटी एक मेधावी और होनहार छात्रा थी तथा वह आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती थी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की गहन, निष्पक्ष और त्वरित जांच कर दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान पायल की सहपाठी छात्राओं ने भी अपनी चिंता और पीड़ा व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि छात्रा की रहस्यमयी मौत से छात्राओं के बीच भय और असुरक्षा का माहौल बना है। उनका कहना था कि बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना समाज और प्रशासन की जिम्मेदारी है, ताकि उनकी शिक्षा और भविष्य प्रभावित न हो। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से मामले में शीघ्र हस्तक्षेप करने की मांग की। साथ ही मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और रामनिवास यादव से भी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया। आक्रोशित छात्रों ने टावर चौक पर एक अपराधी का प्रतीकात्मक पुतला बनाकर फांसी के फंदे से लटकाया और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की। हालांकि पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। कैंडल मार्च में शामिल परिजनों, ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं ने एक स्वर में कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए, दोषियों को कठोर सजा मिले और पीड़ित परिवार को न्याय प्रदान किया जाए।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.