खाट पर गर्भवती महिला को ढोने की घटना के बाद प्रशासन हरकत में, बीडीओ-सीओ ने दलुआडीह गांव का किया दौरा ।
SHIKHAR DARPANSaturday, May 30, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
मधुबन पंचायत अंतर्गत दलुआडीह गांव में गर्भवती महिला सुनीता मुर्मू को प्रसव के लिए खाट पर उठाकर करीब चार किलोमीटर तक ले जाने की घटना सामने आने के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया है। शनिवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मनोज कुमार मरांडी, अंचल अधिकारी (सीओ) ऋषिकेश मरांडी समेत कई विभागीय अधिकारी गांव पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों के साथ राजस्व कर्मचारी भी मौजूद थे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर गांव की समस्याओं की जानकारी ली तथा सड़क निर्माण की संभावनाओं को लेकर स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान राजस्व कर्मचारियों से भी यह जानकारी प्राप्त की गई कि गांव तक सड़क निर्माण संभव है या नहीं तथा इसके लिए किन-किन प्रक्रियाओं की आवश्यकता होगी। ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि दलुआडीह गांव तक पहुंचने के लिए कोई समुचित सड़क नहीं है। गांव के लोगों को आज भी कच्चे और दुर्गम रास्तों के सहारे आवागमन करना पड़ता है।
बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। किसी के बीमार होने पर उसे खाट पर उठाकर लगभग चार किलोमीटर दूर पिपराडीह तक ले जाना पड़ता है, जहां से वाहन की सुविधा उपलब्ध हो पाती है। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क के अभाव में शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं तक पहुंचना बेहद कठिन हो गया है। हाल ही में गर्भवती महिला सुनीता मुर्मू को खाट पर ढोकर अस्पताल पहुंचाने की घटना ने पूरे क्षेत्र की बदहाल स्थिति को उजागर कर दिया है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में काफी नाराजगी है और वे लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने कहा कि गांव तक सड़क पहुंचाने की संभावनाओं का अध्ययन किया जा रहा है तथा संबंधित विभागों को रिपोर्ट भेजी जाएगी ताकि आगे की प्रक्रिया शुरू की जा सके। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासनिक अधिकारियों के दौरे के बाद अब उनके गांव की वर्षों पुरानी सड़क समस्या का समाधान निकल सकेगा और उन्हें मूलभूत सुविधाओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा।