जंगल कटाई के विरोध में ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सड़क जाम कर कार्रवाई की मांग।
SHIKHAR DARPANThursday, May 14, 2026
0
बिरनी,शिखर दर्पण संवाददाता।
बिरनी प्रखंड के पड़रमनिया गांव में गैरमजरूवा पटरी पहाड़ी जंगल की कटाई को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। मामला खाता संख्या 63, प्लॉट संख्या 199 की लगभग 10 एकड़ 50 डिसमिल भूमि से जुड़ा है, जहां गांव के भिखारी राय और उनके परिवार पर जंगल काटने का आरोप लगाया गया है।ग्रामीणों का कहना है कि पहाड़ी जंगल की अंधाधुंध कटाई से पर्यावरण और वन संपदा को भारी नुकसान पहुंच रहा है। विरोध प्रदर्शन में स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि बबलू मंडल, दीपक मंडल, मुकेश मंडल, बसंत मंडल, कामदेव मंडल, अनिल मंडल, जितेंद्र मंडल, पंकज मंडल, राजू रजक, सूरज रजक, सुमित पंडित, सरोज पंडित, राजू पंडित, अर्जुन मंडल और रैवत मंडल समेत सैकड़ों लोग शामिल हुए। आंदोलन का नेतृत्व मुख्य रूप से बबलू मंडल, दीपक मंडल, राजू रजक और मुकेश मंडल कर रहे थे।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर भिखारी राय द्वारा खुलेआम धमकी दी गई। ग्रामीणों के अनुसार उन्होंने कहा, “जिसके अंदर खून है, आकर रोक ले, जान से मार देंगे।” इस कथित धमकी के बाद ग्रामीणों में और आक्रोश फैल गया।सड़क जाम कई घंटों तक जारी रहने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा और राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। सूचना मिलने पर सीओ संदीप कुमार मद्धेशिया ने कर्मचारी राकेश कुमार को मौके पर भेजा अधिकारियों ने ग्रामीणों की शिकायत सुनी और मामले की जांच शुरू की।इसके बाद भिखारी राय एवं उनके परिवार के खिलाफ भरकट्टा ओपी में आवेदन देकर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई। वहीं वन विभाग की टीम और भरकट्टा ओपी पुलिस पदाधिकारी आनंदी प्रसाद भी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन और वन विभाग द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया।