डुमरी में प्रशासन का बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान, सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती शुरू।
SHIKHAR DARPANThursday, May 14, 2026
0
डुमरी,शिखर दर्पण संवाददाता।
डुमरी में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से स्थानीय प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को अभियान के पहले दिन वनांचल चौक, बेरमो मोड़, पुराना जीटी रोड, इसरी बाजार चौक, स्टेशन रोड एवं आसपास के क्षेत्रों में सड़क किनारे किये गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। अभियान का नेतृत्व सीओ डुमरी शशिभूषण वर्मा कर रहे थे। इस दौरान डुमरी थाना प्रभारी श्रीकांत कुमार, निमियाघाट थाना पुलिस एवं प्रशासनिक टीम मौजूद रही। अधिकारियों द्वारा लोगों को सड़क किनारे लगाए गए अस्थायी दुकान, ठेला, गुमटी एवं अन्य अतिक्रमण स्वयं हटाने का निर्देश दिया गया, जिसके बाद कई लोगों ने स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीन पर स्थायी निर्माण, रेलिंग या दुकान बनाकर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी रहेगी।
सीओ ने कहा कि फिलहाल सभी अतिक्रमणकारियों को स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया जा रहा है, लेकिन निर्देश का पालन नहीं करने पर पुलिस प्रशासन जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटाएगा। पहले दिन सड़क के दोनों ओर लगे ठेले, खोमचे, फास्ट फूड एवं सब्जी विक्रेताओं को हटाकर मार्ग को काफी हद तक साफ कराया गया। प्रशासन का कहना है कि इससे आम लोगों और यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा दुर्घटनाओं पर भी रोक लगेगी। गौरतलब है कि 8 मई को इसरी बाजार में हुए भीषण हादसे में 5 लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। लगातार बढ़ते अतिक्रमण के कारण सड़कें संकरी हो गई थीं, जिससे लोगों को जान जोखिम में डालकर सड़क पर चलना पड़ रहा था और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। प्रशासन ने कहा है कि जनहित, सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।