रीवा सड़क हादसे के विरोध में जैन समाज मधुबन का आक्रोश, निकाली मौन रैली।
SHIKHAR DARPANMonday, May 25, 2026
0
पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।
मध्यप्रदेश के रीवा जिले में 20 मई को हुई सड़क दुर्घटना में द्वय आर्यिका श्रुतमति माता एवं उपशममति माता के समाधिस्थ होने की घटना को लेकर जैन समाज मधुबन में गहरा आक्रोश देखा गया। घटना को लेकर समाज ने सोमवार को मौन रैली निकालकर विरोध जताया तथा प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर कठोर कार्रवाई और संत सुरक्षा नीति लागू करने की मांग की। मौन रैली पर्वत तलेटी से शुरू होकर गुणायतन पहुंची, जहां विराजमान मुनिश्री प्रमाणसागर जी के संबोधन स्थल पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने समाधिस्थ आर्यिकाओं की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद रैली पुनः मधुबन थाना पहुंची, जहां थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा गया। इसके पश्चात जैन समाज के पदाधिकारियों ने गिरिडीह जिला प्रशासन को भी ज्ञापन देकर घटना की कड़ी निंदा की।
ज्ञापन में कहा गया कि वायरल वीडियो क्लिपों के आधार पर यह घटना संदिग्ध एवं षड्यंत्रकारी प्रतीत होती है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। साथ ही साधु-संतों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्थायी सुरक्षा नीति लागू करने की मांग की गई। इस विरोध कार्यक्रम में जैन समाज मधुबन के साथ स्थानीय सभी छोटी-बड़ी संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम में समाज के सक्रिय अध्यक्ष राजू जैन, उपाध्यक्ष देवेन्द्र जैन, महामंत्री अमित जैन, मंत्री राहुल जैन सहित सत्येन्द्र जैन, अतुल जैन, वी.के. जैन, शैलेष जैन, अर्पित जैन, सुधीर जैन, श्रेयांश जैन, पारस जैन, संतोष जैन, सुनील जैन समेत कई लोग उपस्थित रहे। वहीं गुणायतन से सुभाष जैन, कपूरचंद जैन, निर्मल जैन, नंदलाल जैन, अभिनव जैन सहित महिला मंडल, युवा मंडल एवं समस्त जैन समाज मधुबन के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए।