मजदूर दिवस पर गिरिडीह में रैली और सभा, मजदूरों के हक की बुलंद हुई आवाज।
SHIKHAR DARPANFriday, May 01, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर जिले में असंगठित मजदूर मोर्चा और भाकपा माले के बैनर तले रैली और आम सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत औद्योगिक क्षेत्र चतरो मोड़ से निकली करीब दो किलोमीटर लंबी रैली से हुई, जो गादी श्रीरामपुर स्थित गोविंद राज में सभा स्थल पर पहुंची। इस दौरान शहीद बेदी पर माल्यार्पण कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई और झंडा फहराया गया। रैली और सभा में हजारों की संख्या में महिला-पुरुष मजदूर, किसान और बेरोजगार शामिल हुए। कार्यक्रम में केंद्रीय, जिला और राज्य कमेटी के कई नेता मौजूद रहे। सभा को संबोधित करते हुए बगोदर के पूर्व विधायक विनोद सिंह ने कहा कि गिरिडीह के मजदूरों के साथ किसी भी तरह की नाइंसाफी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने केंद्र सरकार पर मजदूर विरोधी नीतियां लागू करने का आरोप लगाते हुए कहा कि लेबर कोड के जरिए मजदूरों के अधिकारों को कमजोर किया जा रहा है।
वहीं राजधनवार के पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने मजदूरों, किसानों और बेरोजगारों से एकजुट होकर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जो सरकार जनता के हित में काम नहीं करती, वह जनता की सरकार नहीं है। असंगठित मजदूर मोर्चा के महामंत्री नीताय महतो ने कहा कि दबे-कुचले वर्गों को एकजुट होकर लड़ाई लड़नी होगी, तभी अधिकारों की रक्षा संभव है। सभा में नेताओं ने मजदूरों की न्यूनतम मजदूरी, काम के घंटे, प्रदूषण, प्रवासी मजदूरों की समस्याएं और औद्योगिक क्षेत्रों में हो रहे शोषण जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। कार्यक्रम को पूरन महतो, अशोक पासवान, उस्मान अंसारी, राजेश सिन्हा, किशोर राय समेत कई नेताओं ने भी संबोधित किया। मंच संचालन दीपक गोस्वामी और राजेश सिन्हा ने किया।कार्यक्रम में अजीत राय, हुबलाल राय, मसूदन कोल, रामबाबू मुर्मू, पवन यादव, सलामत अंसारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।