गांडेय के लखनपुर में अवैध आरा मिल पर वन विभाग की छापेमारी,इस दौरान ग्रमीणों के पथराव के बीच हुई पूरी कार्रवाई।
SHIKHAR DARPANTuesday, May 19, 2026
0
गांडेय,शिखर दर्पण संवाददाता।
गांडेय अंचल के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लखनपुर गांव में मंगलवार को वन विभाग की टीम ने अवैध रूप से संचालित आरा मिलों पर बड़ी कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने वन विभाग की टीम पर पथराव शुरू कर दिया, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही अहिल्यापुर थाना प्रभारी ऐनुल हक खान दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस के पहुंचते ही पथराव कर रहे असामाजिक तत्व मौके से फरार हो गए, जिसके बाद वन विभाग की टीम ने दोबारा कार्रवाई शुरू की। जानकारी के अनुसार गिरिडीह डीएफओ मनीष तिवारी को गुप्त सूचना मिली थी कि लखनपुर गांव में अवैध रूप से दो आरा मिल संचालित किए जा रहे हैं। डीएफओ के निर्देश पर वन क्षेत्र पदाधिकारी एस.के. रवि के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई। वन विभाग की टीम ने जेसीबी की मदद से दोनों अवैध आरा मिलों में लगी मशीनों को उखाड़ दिया। साथ ही विभिन्न प्रजातियों की करीब पांच लाख रुपये मूल्य की लकड़ियां जब्त की गईं।
जब्त लकड़ियों को वन विभाग अपने साथ सुरक्षित ले गया। वन क्षेत्र पदाधिकारी एस.के. रवि ने बताया कि कार्रवाई के दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा पथराव किया गया, लेकिन स्थिति को जल्द नियंत्रित कर लिया गया और सख्ती के साथ जब्ती अभियान पूरा किया गया। उन्होंने कहा कि अवैध आरा मिलों के खिलाफ वन विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। बताया गया कि लखनपुर गांव निवासी मो. इम्तियाज अंसारी और सुभान अंसारी द्वारा अवैध आरा मिल का संचालन किया जा रहा था। मामले में वन विभाग अवैध आरा मिल संचालकों एवं पथराव में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। छापेमारी टीम में वन रक्षी रोहित पंडित, संदीप मिश्रा, समसेर अंसारी, रंजन शर्मा, दाउद आलम, बमशंकर कुमार, विष्णु किस्कु, रामदेव मरांडी, सिकंदर पासवान, अमर विश्वकर्मा, बबीता कुमारी, सुरुचि कुमारी, सुनील कुमार, पवन चौधरी, बिनोद कुमार, अशोद यादव, दीपक कुमार और रमेश टुडू सहित कई वनकर्मी शामिल थे। वहीं मौके पर अहिल्यापुर थाना प्रभारी ऐनुल हक खान, एसआई साजिद खान, एसआई बैजनाथ मुंडा समेत कई पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे।