पुराना पुल के नीचे मिला लापता छात्रा का शव, इलाके में सनसनी।
SHIKHAR DARPANTuesday, May 19, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के सरिसिया सिहोडीह स्थित पुराने पुल के नीचे बुधवार को एक 17 वर्षीय छात्रा का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव पानी में तैरता देख स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की खबर फैलते ही मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। मृतका की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिरिसिया निवासी जागेश्वर दास की पुत्री पायल कुमारी के रूप में हुई है। बताया गया कि पायल बीते 18 मई से लापता थी। परिजनों के अनुसार वह सोमवार को घर से ट्यूशन पढ़ने और पढ़ाने के लिए निकली थी। आम दिनों में वह दोपहर तक घर लौट आती थी, लेकिन देर होने पर परिजनों ने उससे संपर्क किया। मृतका के चचेरे भाई पिंटू कुमार ने बताया कि दोपहर में फोन करने पर पायल ने कहा था कि वह सिलाई का काम खत्म कर घर लौट रही है।
इसके बाद करीब तीन बजे दोबारा फोन करने पर उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने थाना में गुमशुदगी का आवेदन दिया था। पुलिस भी युवती की तलाश में जुटी हुई थी। बुधवार सुबह सरिसिया सिहोडीह पुराने पुल के नीचे एक युवती का शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान पायल कुमारी के रूप में की गई। सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने बताया कि पुल के नीचे से युवती का शव बरामद किया गया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।