पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों ने बढ़ाई आम लोगों की परेशानी//मजदूर, व्यापारी और वाहन चालक सबसे अधिक प्रभावित, सरकार से राहत की मांग।
SHIKHAR DARPANTuesday, May 19, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ रही कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बीते कुछ दिनों में ईंधन के दामों में दो बार बढ़ोतरी होने से रोज कमाने-खाने वाले मजदूरों, छोटे व्यापारियों और वाहन चालकों पर सीधा असर पड़ रहा है।मौजूदा समय में गिरिडीह में पेट्रोल की कीमत 102.29 रुपये प्रति लीटर, पावर पेट्रोल 111.39 रुपये प्रति लीटर और डीजल 97.36 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है। हालिया बढ़ोतरी में करीब 90 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि दर्ज की गई है। जिले के पेट्रोल पंपों पर तेल की पर्याप्त उपलब्धता है और पहले जैसी लंबी लाइनें भी नहीं दिख रही हैं, लेकिन बढ़ते दाम लोगों की जेब पर भारी पड़ रहे हैं।
ऐसे में काम के लिए दूर आने-जाने में पेट्रोल पर होने वाला खर्च उनकी कमाई का बड़ा हिस्सा खा जाता है। कई मजदूरों ने कहा कि अब बचत कर पाना लगभग असंभव हो गया है। वहीं छोटे व्यापारियों और वाहन चालकों ने भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि डीजल और पेट्रोल महंगा होने से परिवहन लागत बढ़ेगी, जिसका असर धीरे-धीरे खाद्य सामग्री समेत अन्य जरूरी वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ेगा। लोगों ने राज्य और केंद्र सरकार से ईंधन की कीमतों पर नियंत्रण लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि महंगाई की मार पहले से झेल रहे आम आदमी को राहत देने के लिए सरकार को जल्द कदम उठाने चाहिए।