खबर का हुआ असर: विभाग हरकत में आया, पाण्डेयडीह के पास सड़क मरम्मत कार्य शुरू।
SHIKHAR DARPANTuesday, May 12, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग स्थित पाण्डेयडीह के समीप सड़क के बीचों-बीच निकले लोहे के छड़ से राहगीरों को हो रही परेशानी और दुर्घटना की आशंका को लेकर प्रकाशित खबर का असर अब दिखने लगा है। मंगलवार को समाचार प्रकाशित होते ही संबंधित विभाग हरकत में आया और पुल के समीप मरम्मत कार्य शुरू करा दिया गया। मंगलवार दोपहर पुल के पास जेसीबी मशीन से कार्य करते देखा गया, वहीं निर्माण सामग्री के रूप में बालू भी गिराया गया। इससे स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि लंबे समय से बनी समस्या का जल्द समाधान होगा।
ज्ञात हो कि सड़क मरम्मत और पुलिया निर्माण के दौरान सड़क के बीच निकला लोहे का छड़ राहगीरों के लिए खतरा बना हुआ था। खासकर रात के समय बाइक सवारों को काफी परेशानी होती थी। स्थानीय लोगों के अनुसार यहां कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं और कई लोगों की जान भी जा चुकी है। समाचार प्रकाशित होने के बाद विभाग द्वारा काम शुरू किए जाने पर ग्रामीणों ने संतोष जताया है। लोगों ने मांग की है कि कार्य को जल्द पूरा कर सड़क को पूरी तरह सुरक्षित बनाया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।