हीरोडीह थाना क्षेत्र में जमीन कब्जे को लेकर बढ़ा विवाद, दोनों पक्ष आमने-सामने।
SHIKHAR DARPANFriday, May 08, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत धुरैता मोड़ के पास रैयती जमीन को लेकर विवाद गहरा गया है। एक पक्ष ने भू-माफियाओं पर जबरन कब्जा, घेराबंदी, मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे पक्ष ने इन आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है। पीड़ित रैयतदारों का कहना है कि विवादित जमीन के संबंध में उनके पास केवाला और डीड मौजूद है। उनका आरोप है कि लखन यादव समेत कुछ लोग जमीन पर अवैध निर्माण और घेराबंदी करवा रहे थे। विरोध करने पर महिलाओं और बुजुर्गों के साथ दुर्व्यवहार किया गया तथा मारपीट की गई। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार यह विवाद नया नहीं है। पहले भी प्रशासन को इसकी जानकारी दी गई थी, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने से विवाद लगातार बढ़ता गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
मामले को लेकर हीरोडीह थाना प्रभारी ने बताया कि जमीन विवाद में मारपीट की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी और स्थिति को शांत कराया गया। उन्होंने कहा कि अब तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं दूसरे पक्ष के लखन यादव ने सभी आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि जमीन उपेंद्र सिन्हा की है और वे लोग वहां बॉउंड्री गेट लगवा रहे थे। इसी दौरान आशीष भदानी समेत अन्य लोग पहुंचे और तोड़फोड़ शुरू कर दी। उन्होंने दावा किया कि विवाद के दौरान मारपीट हुई, जबकि वे लोग केवल बीच-बचाव कर रहे थे। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई तो मामला और गंभीर रूप ले सकता है। फिलहाल दोनों पक्षों के दावों की जांच के बाद ही विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।