Type Here to Get Search Results !

इंटर परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी को लेकर छात्रों का प्रदर्शन, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को सौंपा ज्ञापन।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।। 

झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) द्वारा घोषित इंटरमीडिएट परीक्षा परिणामों में कथित गड़बड़ी को लेकर शनिवार को गिरिडीह में छात्र-छात्राओं का आक्रोश देखने को मिला। आर.के. महिला कॉलेज समेत जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने झारखंड छात्र मोर्चा के नेतृत्व में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की। छात्रों ने आरोप लगाया कि भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों में अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद उन्हें बेहद कम अंक दिए गए हैं। कई विद्यार्थियों ने बताया कि थ्योरी पेपर में मात्र 4 से 6 अंक मिलने के कारण वे अनुत्तीर्ण घोषित कर दिए गए। छात्रों ने इसे उनके भविष्य और मेहनत के साथ अन्याय बताया। झारखंड छात्र मोर्चा के नेता अभय कुमार ने कहा कि यह सिर्फ अंकन की त्रुटि नहीं, बल्कि हजारों छात्रों के भविष्य से जुड़ा गंभीर मामला है।

उन्होंने सभी प्रभावित उत्तर पुस्तिकाओं के शीघ्र एवं पारदर्शी पुनर्मूल्यांकन की मांग की। वहीं छात्र नेता विशाल झा ने कहा कि मेधावी छात्रों को इतने कम अंक मिलना मूल्यांकन प्रक्रिया में बड़ी चूक की ओर संकेत करता है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक पीड़ित विद्यार्थियों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने छात्रों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वे व्यक्तिगत रूप से इस मामले में संबंधित अधिकारियों और बोर्ड से बात करेंगे, ताकि त्रुटियों में शीघ्र सुधार हो और विद्यार्थियों का शैक्षणिक सत्र प्रभावित न हो। इस दौरान अभय कुमार, विशाल झा, चंदन सिंह, रोहित मंडल, रौनक मिश्रा, आदित्य यादव, आर्यन वर्मा, बडी यादव समेत संगठन के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद ।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.