Type Here to Get Search Results !

पचम्बा-जमुआ मुख्य मार्ग पर बड़ा हादसा, होटल में घुसी बस, महिला समेत दो घायल।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह जिले के पचम्बा-जमुआ मुख्य मार्ग स्थित परियाण में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। “विष्णु रथ” नामक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित ऋतु मंडल के होटल में जा घुसी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की रफ्तार तेज थी और चालक नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बस सीधे होटल में जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि होटल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में होटल संचालक ऋतु मंडल की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि एक अन्य व्यक्ति भी घायल बताया जा रहा है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने घायल महिला और अन्य व्यक्ति को बाहर निकालकर प्राथमिक सहायता दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंचने की तैयारी में जुट गई है। फिलहाल घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है। हादसे के कारणों का अब तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटेगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.