Type Here to Get Search Results !

माखमरगो में दर्दनाक सड़क हादसा, कार और बाइक की सीधी टक्कर में बाइक सवार व्यक्ति की मौत।

बिरनी,शिखर दर्पण संवाददाता।

सरिया–राजधनवार मुख्य मार्ग पर शुक्रवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। घटना बिरनी थाना क्षेत्र अंतर्गत माखमरगो पंचायत भवन के पास सुबह करीब 8 बजे हुई, जहां एक रिनॉल्ट क्विड कार jH 10 CE 4829 और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।मृतक की पहचान बिरनी थाना क्षेत्र के झाँझ निवासी 55 वर्षीय रामदेव प्रसाद वर्मा के रूप में की गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार रामदेव प्रसाद वर्मा किसी काम से सरिया गए हुए थे और शुक्रवार सुबह बाइक से वापस अपने घर झाँझ लौट रहे थे। इसी दौरान राजधनवार की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक रिनॉल्ट क्विड कार ने माखमरगो पंचायत भवन के समीप उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए।

स्थानीय ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल को तत्काल इलाज के लिए बिरनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार हादसे में उन्हें गंभीर अंदरूनी चोटें आई थीं, जिसके कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।हादसे की सूचना मिलते ही बिरनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त बाइक और कार को भी जब्त कर थाना ले जाया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि रामदेव प्रसाद वर्मा काफी मिलनसार और शांत स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी अचानक मौत से गांव झाँझ सहित आसपास के इलाके में शोक की लहर फैल गई है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा मुख्य मार्गों पर वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.