मल्टी पर्पस स्टाफ को 13 माह से वेतन नहीं//फॉरवर्ड ब्लॉक ने की तत्काल वेतन भुगतान की मांग, अन्यथा आंदोलन की चेतावनी।
SHIKHAR DARPANFriday, May 08, 2026
0
गांडेय,शिखर दर्पण संवाददाता।
जिले भर के प्रखंड कार्यालयों में कार्यरत मल्टी परपस स्टाफ (एमपीएस) को कई महीनो से वेतन नहीं मिला है। गांडेय प्रखंड में कार्यरत सफाई कर्मी टिंकू हरिजन, ड्राइवर विजय कुमार सहित अन्य को भी 13 महीनों से वेतन नहीं मिला है। प्रशासन संबंधित कंपनी को निर्देशित कर तत्काल बकाया वेतन भुगतान की व्यवस्था करे, नहीं तो भुखमरी के शिकार पीड़ित परिवार आंदोलन करने को बाध्य होंगे।उक्त बातें पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के जिला संयोजक राजेश यादव ने आज गांडेय प्रखंड में कार्यरत कुछ एमपीएस से मुलाकात कर उनकी व्यथा सुनने के बाद कही।
उन्होंने कहा कि, एक तो इन्हें कंपनी के द्वारा काफी कम पगार पर काम पर रखा गया है, ऊपर से महीनों तक वेतन नहीं देने से उनके परिवार के समक्ष भुखमरी की स्थिति उत्पन्न होना स्वाभाविक है। यह भी कहा कि, कॉन्ट्रैक्ट मजदूरों की इस बदहाली का असली कारण सरकार की मजदूर विरोधी नीति है। इस बात को मजदूरों को समझना होगा। श्री यादव ने कहा कि, यदि शीघ्र ही इनका बकाया वेतन भुगतान नहीं हुआ, तो पीड़ित परिवार जनों के साथ प्रखंड मुख्यालय के समक्ष ही अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू कर देंगे। मौके पर एमपीएस टिंकू हरिजन, विजय कुमार सहित पार्टी के कई समर्थक मौजूद थे।