खंडीहा गांव पहुंचे मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, मृतक दिलीप दास के परिजनों को बंधाया ढांढस।
SHIKHAR DARPANFriday, May 08, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
जिले के खंडीहा गांव में शुक्रवार सुबह झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू मृतक दिलीप दास के परिजनों से मिलने पहुंचे। पिछले दिनों सीसीएल गिरिडीह कोलियरी क्षेत्र में कोयला चोरी को लेकर हुए विवाद और हिंसक झड़प में 25 वर्षीय दिलीप दास की हत्या हो गई थी। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। मंत्री ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी तथा हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने तत्काल आर्थिक सहायता राशि भी परिजनों को सौंपी। मंत्री ने कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। जानकारी के अनुसार, सीसीएल गिरिडीह कोलियरी क्षेत्र में कोयला चोरी को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था।
इसी दौरान हुई मारपीट और झड़प में दिलीप दास की मौत हो गई। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोग दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं। मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीड़ित परिवार की सभी जरूरतों का ध्यान रखा जाए और सरकारी योजनाओं का लाभ जल्द उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि हत्या के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में राजनीति करने के बजाय मानवता के आधार पर पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना जरूरी है। साथ ही प्रशासन को मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।