बगोदर के मोहरी में खड़े ट्रक से टकराई कार,रजरप्पा मंदिर से पूजा कर पटना लौट रहे श्रद्धालुओं।
SHIKHAR DARPANMonday, May 25, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
बगोदर थाना क्षेत्र के जीटी रोड स्थित मोहरी के समीप सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रजरप्पा मंदिर से पूजा कर पटना लौट रहे श्रद्धालुओं की कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार कंकड़बाग (पटना) निवासी श्रद्धालु कार से रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना कर वापस पटना लौट रहे थे। इसी दौरान मोहरी के पास उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घायलों में विक्की कुमार, अंकित कुमार और बलराम सिंह गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि चंदन कुमार को मामूली चोट आई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।माहुरी गांव के बजरंगी पटेल, गोल्डन जायसवाल समेत अन्य ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को कार से बाहर निकाला और इलाज के लिए बगोदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल में सभी का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।इधर, सूचना मिलते ही बगोदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।