गिरिडीह नगर निगम बोर्ड बैठक में जल संकट और सफाई व्यवस्था का मुद्दा छाया।
SHIKHAR DARPANMonday, May 25, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह नगर निगम में सोमवार को आयोजित बोर्ड की अहम बैठक में शहर की जलापूर्ति, साफ-सफाई और जनसमस्याओं को लेकर व्यापक चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता मेयर प्रमिला मेहरा ने की। वही बैठक में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद, उपमहापौर सुमित कुमार, उप नगर आयुक्त प्रशांत लायक सहित कई वार्ड पार्षद मौजूद रहे। बैठक में निगम क्षेत्र में व्याप्त गंभीर जल संकट का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। वार्ड संख्या 06 के पार्षद संजीव कुमार ने महादेव तालाब, भंडारीडीह, बाजार समिति और पचम्बा स्थित जल टैंकों को भरने के लिए पावर बैकअप के रूप में डीजी (जनरेटर) की व्यवस्था कराने की मांग रखी, जिस पर सभी पार्षदों की सहमति से अनुमति प्रदान की गई। बैठक के दौरान चैताडीह पाइपलाइन के रेजिंग पाइप से हो रहे अवैध जल कनेक्शनों का मामला भी गरमाया। पार्षद संजीव कुमार ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों को अवैध तरीके से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिसके कारण मुख्य जल टैंक पूरी तरह भर नहीं पा रहे हैं और आम लोगों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने इस मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा कूड़ा उठाने वाली एजेंसी और कुत्ता पकड़ने वाली एजेंसी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए। पार्षदों ने कहा कि एजेंसियों को नियमित भुगतान होने के बावजूद शहर में अपेक्षित स्तर पर कार्य नहीं हो रहा है। सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रत्येक वार्ड में सफाईकर्मियों की संख्या दो से बढ़ाकर चार करने का प्रस्ताव भी रखा गया। नगर निगम की आय बढ़ाने के मुद्दे पर वार्ड संख्या 06 में मार्केट कॉम्प्लेक्स निर्माण का सुझाव दिया गया, ताकि निगम को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हो सके और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिल सकें।बैठक में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि बोर्ड बैठक केवल औपचारिकता नहीं है, बल्कि आम लोगों की समस्याओं के समाधान का माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।