कर्ज और आर्थिक तंगी से परेशान मजदूर ने फांसी लगाकर की आत्महत्या।
SHIKHAR DARPANMonday, May 25, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह जिले के गांडेय अंचल अंतर्गत अहिल्यापुर थाना क्षेत्र की रसनजोरी पंचायत स्थित रसनजोरी गांव के हरिजन टोला में रविवार शाम एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 45 वर्षीय मीतन दास के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार मीतन दास की आर्थिक स्थिति काफी खराब चल रही थी। वह चार अलग-अलग कंपनियों से ग्रुप लोन ले चुका था, लेकिन मजदूरी कर परिवार चलाने के कारण वह समय पर किस्त नहीं चुका पा रहा था। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था।रविवार शाम मीतन दास अपने घर से करीब 200 मीटर दूर एक पेड़ में रस्सी के सहारे फंदे से झूलता मिला। गांव के ही दो बच्चों ने सबसे पहले शव को पेड़ से लटकते देखा और दौड़कर इसकी सूचना परिजनों को दी। घटना की खबर मिलते ही परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा शव को नीचे उतारकर घर ले आए।
इसके बाद ग्रामीणों ने अहिल्यापुर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अहिल्यापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। घटना की सूचना फैलते ही मृतक के घर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि भागीरथ मंडल एवं जिला परिषद प्रतिनिधि मो. मुफ्ती सईद भी मृतक के घर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता भी प्रदान की। बताया जाता है कि मीतन दास आसपास के क्षेत्रों में मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। अपने पीछे वह पत्नी मंगली देवी, दो पुत्र प्रदीप दास और प्रेम दास तथा दो पुत्रियां किरण कुमारी और निरासी कुमारी को छोड़ गए हैं। मीतन दास की अचानक आत्महत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।