दो बाइकों के बीच जोरदार टक्कर, चार लोग रेफर/तिसरी के थम्भाचक की घटना।
SHIKHAR DARPANMonday, May 25, 2026
0
तिसरी,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र अंतर्गत तिसरी - खिजुरी मुख्य मार्ग स्थित थम्भाचक में एक बार फिर भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां सोमवार को दो बाइकों की आमने सामने की टक्कर में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों में लोकाय थाना क्षेत्र के 25 वर्षीय गौतम मंडल पिता क्यारी मंडल, उसकी बहन बिरनी थाना क्षेत्र के भरकट्ठा निवासी 30 वर्षीय सुनीता देवी और 10 वर्षीय भांजा पियूष कुमार शामिल हैं। जबकि दूसरा बाईक सवार जमुआ थाना क्षेत्र के चित्तरडीह का रहने वाला छोटू उर्फ़ भागीरथ साव पिता प्रमोद साव है।
मिली जानकारी के अनुसार लोकाय का गौतम मंडल बाईक से अपनी बहन और भांजे को उनके घर भरकट्ठा से लेकर लोकाय आ रहा था। वहीं छोटू उर्फ़ भागीरथ तिसरी के मुर्गा दुकान संचालक सेंटू साव का भगिना है। जो तिसरी में रहकर सेंटू साव के यहां काम करता था। वह बाईक पर मुर्गा लादकर खिजुरी की ओर जा रहा था। इसी क्रम में थम्भाचक में दोनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में सभी घायल होकर सड़क पर ही गिर पड़े, जबकि बाईक में लदे सभी मुर्गों की भी मौत हो गई। घटना की सुचना पर पहुंची तिसरी पुलिस ने अपने वाहन से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहाँ डॉ. पुखराज और स्वास्थ्यकर्मी चन्दन व प्रशांत ने उनका प्राथमिक उपचार किया। वहीं गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह रेफर कर दिया गया।