अपहरण कांड का गिरिडीह पुलिस ने किया खुलासा, अपहृत युवक सकुशल बरामद, पांच अपराधी गिरफ्तार।
SHIKHAR DARPANMonday, May 25, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह पुलिस ने अपहरण के एक बड़े मामले का त्वरित खुलासा करते हुए अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार गिरिडीह द्वारा प्रेस वार्ता आयोजित कर पूरे मामले की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि 24 मई को गांडेय थाना क्षेत्र के ग्राम पाण्डेयडीह निवासी इकबाल अंसारी ने पुलिस को सूचना दी कि उनके चचेरे भाई तसलीम अंसारी (35 वर्ष) का खंडोली के पास से मोटरसाइकिल सहित अपहरण कर लिया गया है। अपहरणकर्ताओं द्वारा फोन कर फिरौती की मांग भी की जा रही थी। घटना की सूचना मिलते ही गिरिडीह एसपी के निर्देश पर तत्काल एसआईटी का गठन किया गया। तकनीकी शाखा की मदद से पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत तसलीम अंसारी को चाईना मोड़ चुंगा जंगल क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घटना में शामिल पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पिपराडीह निवासी मो. सोहेल, पचंबा थाना क्षेत्र के चेताडीह निवासी मो. आदिल अंसारी, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर निवासी मो. समीर अंसारी, मोहनपुर निवासी अफरीदी शाह तथा पचंबा थाना क्षेत्र के चेताडीह निवासी इरशाद अंसारी शामिल हैं। पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से अपहृत युवक की मोटरसाइकिल के अलावा दो अन्य बाइक एवं मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। बरामद वाहनों में हंटर मोटरसाइकिल (JH11AM-8557), बुलेट मोटरसाइकिल (JH11AR-6667) तथा अपहृत युवक की बाइक (JH11J-4694) शामिल है। वहीं अपराधियों के पास से ओप्पो रेनो और वीवो वाई-28 मोबाइल भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार अपराधियों ने अपहरण के बाद 10 लाख रुपये फिरौती की मांग की थी। इसमें से 24 हजार रुपये क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन ट्रांसफर भी कराए गए थे।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने घटना में राजा और जाफर उर्फ लल्लुआ की संलिप्तता भी स्वीकार की है। दोनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी मो. आदिल अंसारी एवं मो. समीर अंसारी का आपराधिक इतिहास रहा है। दोनों के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं। इस संबंध में बेंगाबाद थाना कांड संख्या 87/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। छापेमारी दल में मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, नगर थाना के सहायक अवर निरीक्षक रतन कुमार सिंह, पचंबा अंचल पुलिस निरीक्षक ज्ञान रंजन कुमार, बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह तथा पुलिस पदाधिकारी विजय मंडल शामिल थे।