Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह में पेट्रोल-डीजल संकट, पम्पों पर लगी लंबी कतारें।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह जिले में पेट्रोल और डीजल की कमी ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। शुक्रवार को जिले के अधिकांश पेट्रोल पम्पों पर वाहन चालकों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। सीमित आपूर्ति और अचानक बढ़ी मांग के कारण कई पम्पों पर ईंधन समाप्त हो गया, जबकि कुछ जगहों पर ग्राहकों को सीमित मात्रा में ही पेट्रोल-डीजल दिया गया। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि कई स्थानों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया है।वाहन चालक सुबह से ही पम्पों पर लाइन में खड़े रहे, लेकिन कई लोगों को घंटों इंतजार के बाद भी पर्याप्त ईंधन नहीं मिल सका।

कई ड्राइवरों ने बताया कि प्रति वाहन सीमित मात्रा में तेल दिए जाने से कतारें लगातार बढ़ती गईं।इस बीच ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। वर्तमान में शहर में पेट्रोल 101.65 रुपये प्रति लीटर, पावर पेट्रोल 110.55 रुपये प्रति लीटर और डीजल 96.45 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। पेट्रोल की कीमत में लगभग तीन रुपये प्रति लीटर बढ़ोतरी की खबर फैलते ही गुरुवार शाम से ही पेट्रोल पम्पों पर भीड़ उमड़ने लगी थी। ऑटो चालक, बाइक सवार और निजी वाहन मालिक सभी इस संकट से प्रभावित नजर आए। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और तेल कंपनियों से जल्द आपूर्ति सामान्य करने तथा पेट्रोल पम्पों पर व्यवस्थित वितरण सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि आम जनजीवन प्रभावित न हो।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.