पीरटांड़ सीओ की अवैध बालू के खिलाफ बड़ी कार्रवाई,तीन ट्रैक्टर जब्त,मचा हड़कंप।
SHIKHAR DARPANFriday, May 15, 2026
0
पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।
अवैध बालू खनन और तस्करी के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की है। पीरटांड़ अंचल अधिकारी ऋषिकेश मरांडी ने वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्र भ्रमण के दौरान अवैध बालू लदे तीन ट्रैक्टर को जब्त कर खुखरा थाना प्रभारी रविंद्र कुमार सिंह के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार, अंचल अधिकारी खुखरा थाना क्षेत्र के जमुआटांड के पास निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान बराकर नदी से अवैध बालू लेकर तीन ट्रैक्टर संदिग्ध अवस्था में दिखा, जिसे रोककर जांच की गई। जांच में ट्रैक्टर पर अवैध रूप से बालू लदा पाया गया। हालांकि कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। वही अंचल अधिकारी ने तत्परता दिखाते हुए ट्रैक्टर को जब्त कर खुखरा थाना को सौंप दिया।
इस संबंध में सीओ ने बताया कि आवेदन दिया जा रहा है जिसके बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाए गी। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, बराकर नदी से लगातार अवैध बालू खनन कर ट्रैक्टरों के जरिए विभिन्न इलाकों में सप्लाई की जा रही थी। प्रशासन को इसकी सूचना मिल रही थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। खुखरा थाना प्रभारी रविंद्र सिंह ने बताया कि डीएमओ को फाइन के लिए भेजा गया है।इस कार्रवाई के बाद इलाके में सक्रिय बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है। प्रशासन की इस सख्ती से अवैध खनन में लगे लोगों में डर का माहौल देखा जा रहा है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि प्रशासन की इस कार्रवाई का अवैध बालू कारोबारी पर कितना असर पड़ता है और आगे इस तरह की गतिविधियों पर कितनी प्रभावी रोक लग पाती है।